कांकेर 7 सितंबर 2025 :- कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक के ग्राम करिहा स्थित शीतला रंगमंच में 24 घंटे का अखंड दुर्गा चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह पाठ 6 सितंबर से शुरू होकर 7 सितंबर को सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में कांकेर जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक सद्भाव और नशा मुक्ति का संदेश फैलाना था। कार्यक्रम भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। यह संगठन 15 मार्च 1995 को परम पूज्य सद्गुरुदेव परमहंस योगीराज शक्तिपुत्र जी महाराज द्वारा विश्व शांति, जनकल्याण और धर्मरक्षा के लिए स्थापित किया गया था। संगठन का मुख्यालय पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम में स्थित है, जहां 15 अप्रैल 1997 से निरंतर अखंड दुर्गा चालीसा पाठ चल रहा है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संगठन देशभर में जिलों, तहसीलों और गांवों में 24 घंटे के अखंड दुर्गा चालीसा पाठ का आयोजन करता है। ग्राम करिहा में हुए इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, धर्मप्रेमी और समाजसेवी जुड़े। आयोजन स्थल पर माता दुर्गा की छायाप्रति का भव्य सजावट किया गया।
संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष पूजा शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि समाज को नशे की बुराई से दूर करना संगठन का सबसे बड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जितने भी अपराध हो रहे हैं, उनकी जड़ शराब है। सरकार जितनी भी शराब दुकानें खोलेगी, संगठन उतने ही मजबूती से विरोध करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि नशा छोड़ने के लिए संगठन की ओर से कोई शुल्क नहीं लिया जाता। जो भी व्यक्ति नशा छोड़ना चाहता है, वह माता दुर्गा के चरणों में समर्पित होकर प्रण लेता है और संगठन उसकी मदद करता है।
इस आयोजन में शामिल लोगों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों से समाज में एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही नशामुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का जो संकल्प संगठन ने लिया है, उसमें सभी को योगदान देना चाहिए।

CG 24 घंटे अखंड दुर्गा चालीसा पाठ सम्पन्न, नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प, सैकड़ों परिवारों का जीवन संवरा
Was this article helpful?
YesNo