जशपुर। 12 सितंबर 2025..
सरगुजा संभाग में हजारों ग्रामीणों को जादुई कलश का सपना दिखाकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले चार ठग पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। आरोपियों ने आर.पी. ग्रुप नाम से फर्जी कंपनी बनाकर भोले-भाले लोगों से सदस्यता और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपए वसूले थे। अब तक 1 करोड़ 94 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है, जबकि पुलिस का मानना है कि रकम और भी ज्यादा हो सकती है।
ऐसे रचा गया ठगी का खेल
आरोपियों ने लोगों को विश्वास दिलाया कि कोरबा जिले के मंडवारानी में एक जादुई कलश मिला है। दावा किया गया कि भारत सरकार इस कलश को विदेशों में अरबों रुपए में बेचेगी और कंपनी से जुड़े हर सदस्य को 1 से 5 करोड़ रुपए तक मुनाफा मिलेगा। इस लालच में हजारों ग्रामीण आर.पी. ग्रुप से जुड़ गए और सुरक्षा राशि व प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 25 से 70 हजार रुपए तक जमा कर दिए।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
ग्राम चिड़ौरा निवासी अमृता बाई की शिकायत पर थाना पत्थलगांव में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने न केवल जशपुर बल्कि सरगुजा, कोरबा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों में भी ग्रामीणों से करोड़ों रुपए ऐंठे हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजेंद कुमार दिव्य (46 वर्ष), कोरबा निवासी, वर्तमान रायपुर।
2. तुरेंद्र कुमार दिव्य उर्फ मनीष दिव्य (38 वर्ष), निवासी कोरबा।
3. प्रकाश चंद्र धृतलहरे (40 वर्ष), निवासी जशपुर।
4. उपेंद्र कुमार सारथी (56 वर्ष), निवासी सरगुजा।
इनके कब्जे से पुलिस ने दस्तावेज, मोबाइल और एक कार जब्त की है, जिनकी कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई जा रही है।
मास्टरमाइंड अब भी फरार
पूछताछ में पता चला कि इस ठगी का मास्टरमाइंड महेंद्र बहादुर सिंह ठाकुर है, जिसने जादुई कलश की कहानी गढ़कर ग्रामीणों को ठगने की साजिश रची थी। महेंद्र सिंह ठाकुर समेत एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
एसएसपी बोले – ठगी की रकम और बढ़ सकती है
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों ने हजारों ग्रामीणों से करोड़ों रुपए ठगे हैं। अब तक 1.94 करोड़ रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है, लेकिन रकम और बढ़ने की संभावना है।

CG : जादुई कलश के नाम पर करोड़ों की ठगी,आर.पी.ग्रुप नाम के फर्जी कंपनी बनाकर लेते थे रुपए,फिर लोगों को ऐसे लगा दिया 1करोड़ 94 लाख का चूना,पढ़िए पूरी खबर…
Was this article helpful?
YesNo