कांकेर 15 अक्टूबर 2025:- शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा तालाकुर्रा ग्राम पंचायत , जिला कांकेर में जिला स्तरीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) से सचिव शांति प्रभु जैन ने नि:शुल्क विधिक सेवाओं और अन्य कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। महिला एवं बाल विकास विभाग के सखी वन स्टॉप सेंटर से पुष्पा कुजूर ने घरेलू हिंसा और पारिवारिक प्रकरणों पर चर्चा की।
आपदा प्रबंधन विभाग से चंदा नाग नायब तहसीलदार ने आपदा की स्थिति में सरकारी सहयोग एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़, भूकंप और भारी बारिश जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों तथा आपदा के बाद होने वाली हानियों से निपटने के तरीकों पर भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में महिला हिंसा, दहेज प्रथा, टोनही प्रताड़ना, लैंगिक समानता, रंग भेदभाव और सखी वन स्टॉप सेंटर (181) द्वारा उपलब्ध सुविधाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग से डॉ. नीतीश बारले और डॉ. रोहिणी सिंह (एम.बी.बी.एस.) ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, मातृत्व योजनाएँ और गंभीर बीमारियाँ जैसे शीतलिंग आदि पर प्रकाश डाला। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम – नर्स, आरएचओ, एएनएम, एमटी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ने सक्रिय सहभागिता की।
पुलिस विभाग से आई शशि कला साहू ए.एस.आई. एवं उनकी महिला रक्षा टीम ने विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए 112 और 1930 टोल-फ्री नंबरों तथा सरकारी मोबाइल ऐप्स की जानकारी दी, जिन्हें कार्यक्रम के दौरान ही महिलाओं के फोन में डाउनलोड भी करवाया गया।
किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए, अभिभावकों को अपने बच्चों से जुड़ाव बनाए रखने और मित्रवत संवाद करने की सलाह दी गई, ताकि बच्चे किसी समस्या की स्थिति में खुलकर बात कर सकें।
शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर पेंग्सोमिर ई. बोराह ने संस्था के उद्देश्यों और कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। सत्र में महिला सशक्तिकरण, क्षमता निर्माण, महिला नेतृत्व और आजीविका मिशन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
संस्था से जुड़ी महिला मानव अधिकार प्रतिरक्षक सीता गुप्ता एवं सरोज बाला ठाकुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं को घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उनका वक्तव्य सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम का संचालन राज्य कार्यक्रम समन्वयक पुष्पांजलि आहिरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिवी सहायक प्रोग्रामर सुश्री कविता सिंहसार, सुहाद्रा जैन (अधिकार मित्र), सरपंच विनोद रावते, कोतवाल दानेशवर कुलदीप, ग्राम सलाहकार नारायण सिंह जैन, जनपद सदस्य, वार्ड पंच, समूह की महिलाएं, महिला मानव अधिकार प्रतिरक्षक, एवं ग्राम की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

महिला सशक्तिकरण की ओर सशक्त कदम: कांकेर में शिवी डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा जिला स्तरीय जागरूकता सत्र का आयोजन
Was this article helpful?
YesNo
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।