कांकेर 7 दिसंबर 2025:- जिला कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष बसंत यादव ने अपना पदभार ग्रहण किया। उनके पदग्रहण को लेकर पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बड़ा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही बसंत यादव कांकेर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ उनके स्वागत के लिए खड़ी दिखाई दी, जिससे पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
पदभार संभालने के बाद बसंत यादव ने कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मूल पहचान है सबको साथ लेकर चलना, और वे इसी सोच के साथ जिले में संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
बसंत यादव ने जिले में किसानों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि टोकन व्यवस्था में हो रही गड़बड़ियाँ, धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही परेशानी जैसे मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर तक पहुँचकर काम करेगी और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि ISR जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी पार्टी नई रणनीति बनाकर काम करेगी, ताकि जिले के लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पूरी मजबूती से जिले में काम करेगी और संगठन को नए सिरे से सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर कांग्रेस का झंडा लहराएगा, क्योंकि जनता कांग्रेस की नीतियों पर विश्वास करती है।
पदग्रहण कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, आदिवासी प्रकोष्ठ, ओबीसी प्रकोष्ठ, आईटी सेल, जनपद और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पार्षद, सचिव, बूथ प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Live Cricket Info
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
