कांकेर 9 दिसंबर 2025:- आदिवासी समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष और कांग्रेस के प्रभावशाली नेता रहे जीवन ठाकुर की जेल में संदिग्ध मौत को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। 6 दिसंबर को थाना चारामा में 5 घंटे तक चले चक्काजाम के बाद, आदिवासी समाज और कांग्रेस ने संयुक्त रूप से बस्तर बंद का आह्वान किया था।
इसी बीच कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच टीम भी आज जीवन ठाकुर के गांव मयाना पहुंची और परिजनों से चर्चा की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मयाना पहुंचे और स्वर्गीय जीवन ठाकुर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दिया साथ ही शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और पूरी घटना को परिवार से सुना। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।
भूपेश बघेल ने कहा कि “यह तबियत बिगड़ने से हुई मौत नहीं, बल्कि हत्या है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जीवन ठाकुर को पहले षड्यंत्र के तहत झूठे मामले में फंसाया गया, फिर जेल में उन्हें उचित भोजन और देखभाल तक नहीं दी गई। साथ ही, तबियत बिगड़ने पर इलाज में भी जानबूझकर लापरवाही की गई। उनका कहना है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर जेल में जीवन ठाकुर को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने भी जेल प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जेल भेजने से पहले मेडिकल जांच की जाती है, ऐसे में अगर जीवन ठाकुर पहले से बीमार थे तो यह जानकारी जेल प्रशासन को क्यों नहीं थी? और अगर थी, तो इलाज में लापरवाही क्यों की गई, इसका जवाब देना होगा।
वहीं मृतक जीवन ठाकुर के पुत्र चिरंजीव ठाकुर ने भी जेल प्रशासन और डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनके पिता को कांकेर जेल से रायपुर जेल शिफ्ट किया गया, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं दी गई। डॉक्टर द्वारा कई बार उनसे पैसे भी लिए गए।
ज्ञात हो कि जीवन ठाकुर की 4 दिसंबर को जेल में तबियत बिगड़ने से मौत हुई थी। परिजनों का आरोप है कि बिना सूचना दिए उन्हें कांकेर जेल से रायपुर शिफ्ट किया गया और तबियत बिगड़ने या मृत्यु के कई घंटे बाद तक भी परिवार को कोई जानकारी नहीं दी गई।
मामले के बढ़ते दबाव को देखते हुए शासन ने 6 दिसंबर को ही कांकेर जेल की जेलर को हटा दिया, लेकिन आदिवासी समाज, कांग्रेस और परिवारजन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी क्रम में आज बस्तर बंद का आह्वान किया गया, जो की सफल रहा।


Live Cricket Info
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
