कांकेर 15 सितंबर 2025:- कोतवाली थाना परिसर में राजनीतिक गर्मा–गर्मी का माहौल देखने को मिला। भाजपा के प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने भी मोर्चा खोलते हुए आज जोरदार नारेबाजी कर भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भानुप्रतापपुर क्षेत्र की विधायक सावित्री मंडावी और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राजेश तिवारी भी मौजूद रहे।
बताते चले कि पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का है, जोकि कांग्रेस के एक नेता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के वीडियो को एडिट कर अपलोड किया था। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस नेता ने अमित शाह की छवि धूमिल करने की नीयत से इस तरह का वीडियो प्रसारित किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कर कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज न होने पर सांसद भोजराज नाग अपने कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ थाना पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भी तीखा विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में नारेबाजी करते हुए एफआईआर को वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राजेश तिवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस सांसद भोजराज नाग के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह नपुंसक हो गया है। वोट चोर गद्दी छोड़ो अभियान के तहत हमारे एक कार्यकर्ता ने वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर सांसद भोजराज नाग ने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है।
वहीं, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा यह एफआईआर पूरी तरह गलत है। आए दिन सांसद भोजराज नाग के भी कई विवादित वीडियो सामने आते रहते हैं। हाल ही में एक ठेकेदार और पुलिसकर्मी से अभद्रता का वीडियो भी वायरल हुआ था, उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अब देखना होगा कि यह मामला आगे और किस मोड़ पर पहुंचता है।
Live Cricket Info