गरियाबंद 25 सितंबर 2025:- जिले के छुरा–पिपराही मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश से नदी और नालों में तेज बहाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच पुल पर बह रहे पानी के बीच से बाइक निकालने की कोशिश कर रहे दो युवकों में से एक युवक बाइक सहित बह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के ऊपर से पानी का बहाव इतना तेज था कि उस रास्ते से गुजरना बेहद जोखिम भरा था। बावजूद इसके दो युवक अपनी मोटरसाइकिल को पैदल धकेलते हुए पानी के बीच से निकालने लगे। दोनों जैसे ही किनारे पर पहुंचने वाले थे, तभी अचानक बाइक पकड़कर चल रहे युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत तेज धारा में बह गया।
इस दौरान उसके साथ मौजूद दूसरा युवक किनारे पर ही खड़ा रहा। उसने शोर मचाकर मदद की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद युवक को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल नदी की धारा में बह गई और अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
इस घटना ने इलाके के लोगों को दहला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर तेज बहाव के बावजूद वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और न ही लोगों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे। लगातार बारिश के कारण नदी–नाले उफान पर हैं और ऐसी स्थिति में इस तरह के हादसों का खतरा और भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज बहाव वाले रास्तों से न गुजरें और सुरक्षा का ध्यान रखें।
Live Cricket Info
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
