कांकेर। छत्तीसगढ़ स्टेट यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए महेंद्र नायक को कांकेर जिला युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह आदेश 18 नवंबर को जारी किया गया, जिसके बाद जिले में बधाइयों का दौर शुरू हो गया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर महेंद्र नायक को पार्टी नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हार्दिक शुभकामनाएं दीं। संगठन का मानना है कि उनकी नियुक्ति से जिले में युवा राजनीति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
बताते चले कि महेंद्र नायक पहले एनएसयूआई के सक्रिय नेता रहे हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत की। महाविद्यालय में कई बार छात्रों की समस्याओं को लेकर धरने दिए और छात्र हितों के लिए बड़े‐बड़े आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। ब्लॉक स्तर से काम करते हुए उन्होंने प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान बनाई।
वे पूर्व विधायक स्वर्गीय मनोज सिंह मंडावी के साथ भी चुनावी अभियान में सक्रिय रहे। कोरोना काल में महेंद्र नायक ने लोगों की सेवा में अहम भूमिका निभाई और अपनी अलग पहचान बनाई।
जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर महेंद्र नायक ने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे इस बड़ी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगे।

BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
