बलरामपुर, 15 मई 2025।
जिले के चांदों थाना क्षेत्र अंतर्गत कंठी घाट में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक महिला, एक बच्ची और एक युवक शामिल हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बस में कुल 25 से 30 यात्री सवार थे, जिनमें से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तत्परता से किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कंठी घाट का मोड़ बेहद खतरनाक माना जाता है और पूर्व में भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। हादसे की वजह प्रथम दृष्टया बस की तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना माना जा रहा है।
Live Cricket Info
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
