WordPressअपराधछत्तीसगढ़होम

उपचार के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग से यौन शोषण का आरोप, पांच माह की गर्भवती होने पर खुला मामला,44 वर्षीय वैद्यराज गिरफ्त

Spread the love

कांकेर  19 अक्टूबर 2026:— छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में उपचार के बहाने 14 वर्षीय नाबालिग के साथ यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम आमागांव के रहने वाले 44 वर्षीय वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा पर नाबालिग को नशीली दवा देकर बेहोश करने और इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच में उसके करीब पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को नाबालिग के पिता ने थाना ताड़ोकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 15 अप्रैल 2026 को उनकी बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे उपचार के लिए ग्राम आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास ले जाया गया था। आरोप है कि इस दौरान वैद्यराज ने जांच करने के बहाने नाबालिग को बताया कि उसकी बच्चेदानी में समस्या है और भविष्य में उपचार में परेशानी हो सकती है। इसके बाद उसने नाबालिग को एक ताबीज भी दिया।

शिकायत के मुताबिक, 25 मई 2026 को घरेलू काम के कारण नाबालिग को उसके चाचा के साथ आरोपी के घर भेजा गया था। आरोप है कि वहां आरोपी ने नाबालिग को पूजा कक्ष में बैठाया और उसके साथ आए परिजन को दूसरी जगह भेज दिया। इसके बाद भी नाबालिग को कई बार उपचार के लिए आरोपी के पास ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, इन मुलाकातों के दौरान नाबालिग को परिजनों से अलग रखा जाता था।

अस्पताल में जांच के दौरान सामने आया मामला

17 अक्टूबर 2026 को नाबालिग की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अंतागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके करीब पांच माह की गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने नाबालिग से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान नाबालिग ने आरोप लगाया कि वैद्यराज उसे नशीली दवा देकर बेहोश कर देता था और इसी दौरान उसके साथ यौन शोषण करता था।

बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ताड़ोकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 13/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार पिस्दा, पिता स्वर्गीय अमर सिंह पिस्दा, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम आमागांव, थाना ताड़ोकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बच्चों के शोषण की जानकारी तुरंत पुलिस को दें

कांकेर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह के शोषण या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए नजदीकी पुलिस थाना, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला रक्षा टीम हेल्पलाइन 9479155925 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *