बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क में शनिवार को दुर्लभ प्रजाति के इकलौते सफेद बाघ ‘आकाश’ की अचानक मौत हो गई। बाघ की मौत की जानकारी मिलते ही डिप्टी रेंजर सुखबाई कंवर और जू चिकित्सक डॉ. पी.के. चंदन तत्काल मौके पर पहुंचे। जांच के बाद डॉ. चंदन ने आकाश को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश का जन्म 16 मई 2015 को इसी जूलॉजिकल पार्क में हुआ था। वह सफेद बाघ विजय और बाघिन सिद्धि का शावक था। दस वर्षीय आकाश पार्क का प्रमुख आकर्षण था और एक दिन पहले तक वह पूरी तरह से स्वस्थ था।
बाघ की अचानक मृत्यु से पार्क प्रशासन और वन विभाग में शोक की लहर है। वन विभाग द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट (हृदय गति रुकना) बताया गया है।
जू प्रशासन ने कहा है कि आकाश के निधन से जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण क्षति हुई है। बाघ की याद में पार्क में एक स्मृति चिह्न स्थापित किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
Live Cricket Info