बालोद में 25 अक्टूबर को हल्बा-हल्बी समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन, ‘बिहाव मड़वा’ पत्रिका का होगा विमोचन
बालोद। अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज 36 गढ़ केंद्रीय महासभा के तत्वावधान में 25 अक्टूबर 2026, रविवार को बालोद के टाउन हॉल में युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं ‘बिहाव मड़वा’ पत्रिका विमोचन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। इस दौरान समाजजनों एवं अतिथियों का आगमन और पंजीयन, मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना, अतिथियों का स्वागत, युवक-युवती परिचय सम्मेलन तथा समाज के पदाधिकारियों का उद्बोधन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। समारोह में ‘बिहाव मड़वा’ पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा।
अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र माहला ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन केवल वैवाहिक संबंधों के लिए परिचय का मंच नहीं है, बल्कि यह समाज के परिवारों के बीच संवाद, सहयोग और विश्वास को मजबूत करने का अवसर भी है। ऐसे आयोजनों से विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे को जानने-समझने तथा अभिभावकों को आपसी विचार-विमर्श का अवसर मिलता है।
डॉ. माहला ने कहा कि बदलते समय में समाज की सांस्कृतिक विरासत, रीति-रिवाजों और पारिवारिक संस्कारों को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। ‘बिहाव मड़वा’ पत्रिका का विमोचन समाज की वैवाहिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक गतिविधियों को संजोने की दिशा में एक सार्थक पहल है। महासभा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव, संगठन और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं समस्त स्वजातीय बंधुओं से 25 अक्टूबर को बालोद के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सदस्य की सहभागिता से सामाजिक एकता को मजबूती मिलेगी और संगठित, संस्कारवान एवं समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प साकार होगा।

