बालोद। रिपोर्ट / जगन्नाथ साहू
जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू आज सुबह वनांचल क्षेत्र के ग्राम गोडपाल स्थित धान खरीदी केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही समाधान के प्रयास किए। किसानों ने बताया कि उप खरीदी केंद्र गोडपाल में धान विक्रय के लिए उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में किसान अभी तक अपना धान बेचने से वंचित हैं।
किसानों ने जनप्रतिनिधि के समक्ष नेटवर्क की गंभीर समस्या उठाते हुए बताया कि वनांचल क्षेत्र होने के कारण अधिकांश किसान ऑनलाइन टोकन काटने में असमर्थ हैं। प्रशासन द्वारा 70 प्रतिशत ऑनलाइन और 30 प्रतिशत ऑफलाइन धान खरीदी की व्यवस्था लागू होने से क्षेत्र के किसानों के समक्ष बड़ा संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने सवाल उठाया कि नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में रहने वाले किसान आखिर कैसे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर धान बेच पाएंगे।
इसके साथ ही किसानों ने बताया कि उप खरीदी केंद्र होने के कारण उन्हें खाद, बीज जैसी आवश्यक कृषि सुविधाएँ समय पर नहीं मिल पातीं, जिससे धान की उपज और किसानों की आय पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं सोसायटी कर्मचारियों के कथित तानाशाही रवैये को लेकर भी किसानों में रोष देखा गया। किसानों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष से गोडपाल सोसायटी को स्वतंत्र सोसायटी का दर्जा दिलाने की मांग भी रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने तत्काल उच्च अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर प्रतिदिन धान खरीदी का लक्ष्य 390 क्विंटल से बढ़ाने की मांग रखी। साथ ही नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए ऑफलाइन टोकन सुविधा बढ़ाने की दिशा में पहल करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर किसानों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर क्षेत्र के किसान जागेश्वर निरुटी, गामा ठाकुर, धनउ गावड़े, दुर्योधन निरुटी, संपत निरुटी, उदय सोरी सहित छह गांवों के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

गोडपाल धान खरीदी केंद्र पहुँचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, वनांचल किसानों की समस्याओं पर जताई गंभीर चिंता
Was this article helpful?
YesNo
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।