कांकेर। 18 दिसंबर 2025।
नेशनल हेराल्ड एवं यंग इंडिया प्रकरण में न्यायालय के फैसले के बाद गुरुवार को कांकेर में सियासी माहौल गरमा गया। फैसले के विरोध–समर्थन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन कांकेर से जुलूस निकालते हुए अलबेलापारा स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झूमाझटकी देखने को मिली।
पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल का प्रयोग करना पड़ा। अंततः सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर नरहरदेव मैदान ले जाया गया, जहां उन्हें नियंत्रित रखा गया।
भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि न्यायालय के फैसले ने भाजपा के झूठ को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं, विशेषकर प्रवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग करती रही है। भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए झूठ और नफरत फैलाकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का कार्य कर रही है।
भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिकरण किया गया है। बदले की भावना से राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए भाजपा ने यह हथकंडा अपनाया, लेकिन अदालत के फैसले से सत्य की जीत हुई है और भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा दर्ज एफआईआर को अदालत द्वारा रद्द किया जाना सत्य की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी–शाह और भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर 12 वर्षों तक कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया, लेकिन अंततः न्यायालय ने सच्चाई पर मुहर लगाई है।
इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, जिला अध्यक्ष बसंत यादव, प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जनकनंदन कश्यप सहित नितिन पोटाई, हेमंत ध्रुव, सुनील बबला पाढ़ी, पुरुषोत्तम गजेंद्र, तरेंद्र भंडारी, गफ्फार मेमन, मनोज जैन, यासीन कराणी, विरेंद्र ठाकुर, सुनाराम तेता, पंकज वाधवानी, हिरवेंद्र साहू, लोमेंद्र यादव, नरेश बिछिया, अजय रेणु, ओमप्रकाश देवांगन, धर्मेन्द्र मेहता, लतीफ मेमन, लक्ष्मण गोस्वामी, उदय शर्मा, शिवभान ठाकुर, राजू दुबे, झरना ध्रुव, मृदुला भास्कर, इसहाक अहमद, प्रकाश द्विवेदी, नमन जैन, सोमेश सोनी, रानू सेन, सुमित राय, सत्यार्थ करायत, तारश सिन्हा, शेष गजबिए, टुकेश्वर साहू, चंद्रलोक ठाकुर, किसन साहू, सूर्या नेताम, अमित साहू, अमन गायकवाड़, पवन कांगे, प्रशांत सिंहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नेशनल हेराल्ड फैसले के बाद कांकेर में उबाल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा कार्यालय घेराव, पुलिस से हुई झड़प
Was this article helpful?
YesNo
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।