कांकेर 19 दिसंबर 2025:- आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े तेवड़ा में बीते दिनों धर्मांतरण और कफ़न-दफन को लेकर उपजे विवाद के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच झड़प, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया था।
इसी क्रम में आज शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा आमाबेड़ा कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने ग्राम के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, तनाव बढ़ाने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की मौजूदगी से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। प्रशासन ने दोहराया कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
फिलहाल आमाबेड़ा क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दुकानें और शैक्षणिक संस्थान खुले हैं, जबकि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।



BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
