कांकेर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, 154 शहीदों के नामों का हुआ वाचन,,,विधायक आशाराम नेताम और पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन, शहीद जवानों के परिजनों से भी किया संवाद
कांकेर 21अक्टूबर 2026 राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नक्सल मोर्चे पर कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। परेड ग्राउंड में जवानों ने विशेष शोक परेड आयोजित कर शहीदों को सलामी दी। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों के नामों का वाचन किया।
इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर मौन श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में डीएसपी विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी संजय शर्मा, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कांकेर जिले के शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का सामना करते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है।

