14 लाख के गांजा तस्करी मामले में जिम संचालक गिरफ्तार, ओडिशा से मुंगेली तक फैला था नेटवर्क
महासमुंद 26 अक्टूबर 2026 :— महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में मुंगेली जिले के पथरिया निवासी जिम संचालक प्रकाश सोनी उर्फ छोटू (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जिम की आड़ में गांजे का कारोबार करता था। उसे ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कोमाखान थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के दो मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में कुल 28 किलो 240 ग्राम गांजा जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 14 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। जांच के दौरान आरोपियों ने गांजा ओडिशा से मुंगेली जिले के पथरिया ले जाने की जानकारी दी थी।
मामले की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जिम संचालक प्रकाश सोनी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में चार मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 92 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में पहले भी चार आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

