Saturday, October 31, 2026
Latest:
कांकेर

चारामा में गांजा बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, 1 किलो 28 ग्राम गांजा जब्त उजियारा अभियान के तहत पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत करीब 51 हजार रुपये

Spread the love

चारामा 30 अक्टूबर 2026:— कांकेर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उजियारा अभियान के तहत चारामा पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांजा बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 किलो 28 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को चारामा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पंडरीपानी में दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बिक्री करने के लिए अपने पास गांजा रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना चारामा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा। इनमें कन्हैया विश्वकर्मा (43 वर्ष), निवासी बारगरी, थाना अकलाडोंगरी, जिला धमतरी और रमेश पिद्दा (40 वर्ष), निवासी पंडरीपानी, थाना चारामा, जिला कांकेर शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक सफेद थैले में रखा एक किलो गांजा और एक पॉलीथिन में रखी 10 पुड़िया से 28 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना चारामा और जिला साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर सूचना दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *