कांकेर

किसानों के 6666 करोड़ रुपये बकाया भुगतान और धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये करने की मांग तेज, किसान भुगतान यात्रा पहुंची चारामा, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

Spread the love

कांकेर 27 अक्टूबर 2026 :— किसानों की बकाया राशि का भुगतान और धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसान भुगतान यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 26 अक्टूबर से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान रायपुर से धमतरी, कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर होते हुए नारायणपुर तक किसानों की मांगों को उठाया जाएगा।

बस्तर के प्रवेश द्वार चारामा के कोरर चौक में किसान भुगतान यात्रा का समर्थन देने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और किसानों ने फूल-मालाओं से सभी का स्वागत किया।

इस दौरान *छत्तीसगढ़ किसान संगठन के संयोजक सुदेश टीकम* ने बताया कि सरकार की तरफ 6666 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। इसमें 2024-25 की अंतर राशि 1743 करोड़ रुपये और 2025-26 की अंतर राशि 2623 करोड़ रुपये शामिल हैं। दोनों को मिलाकर 4366 करोड़ रुपये होते हैं। वहीं, राजीव गांधी न्याय योजना की 1700 करोड़ रुपये की राशि भी बकाया है। इस तरह कुल 6666 करोड़ रुपये के तत्काल भुगतान की मांग की जा रही है। अभी त्योहारों का सीजन है और किसानों के हाथ खाली हैं। ऐसे में किसानों को तत्काल राहत देने के लिए सरकार से 6666 करोड़ रुपये के भुगतान की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर 26 अक्टूबर से रायपुर से किसान भुगतान यात्रा निकाली जा रही है। धमतरी में भी प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया है। सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांकेर जिला मुख्यालय में भी ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने सभी किसानों से इस यात्रा में साथ देने की अपील की।

वहीं, *जनपद उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि ठाकुर राम कश्यप* ने कहा कि किसान न्याय यात्रा को उनका पूरा समर्थन है। वास्तव में किसान हर तरह से पीड़ित रहता है। उनका जो अधिकार और पैसा बकाया है, वह उन्हें मिलना चाहिए। 6666 करोड़ रुपये की बकाया राशि का सरकार को भुगतान करना चाहिए। किसान ही हमारे देश और प्रदेश का अन्नदाता है। अगर उसे न्याय नहीं मिलेगा, तो किसान आंदोलन और बड़ा होगा। किसान न्याय यात्रा को सभी का समर्थन मिलना चाहिए। छत्तीसगढ़ के सभी किसानों को इस यात्रा में साथ देना चाहिए।

वहीं, *किसान कल्याण के संरक्षक विजय ठाकुर* ने बताया कि किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसान भुगतान यात्रा की शुरुआत की है। इसके लिए वे उनका दिल से आभार व्यक्त करते हैं। बस्तर के प्रवेश द्वार चारामा में सभी किसान भाइयों का स्वागत करते हैं। उनकी यह यात्रा सफल हो, ताकि किसानों की जायज मांगें पूरी हो सकें। किसान संगठन बनाकर विभिन्न जिलों तक पहुंचने का जो प्रयास कर रहा है, उसकी मेहनत सफल हो। किसान हर बार महंगाई और बेरोजगारी की मार झेलता है। आज के दौर में खेती-किसानी करना मुश्किल हो गया है। हम चाहते हैं कि किसानों की बकाया राशि का जल्द भुगतान किया जाए। हम किसानों के साथ हैं और यह आंदोलन और भी उग्र होगा।

प्रदेश किसान संघ का कहना है कि किसानों की बड़ी राशि बकाया है। संगठन की मांग है कि किसानों को उनकी बकाया राशि जल्द दी जाए। इसके साथ ही धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल करने और समर्थन मूल्य गारंटी कानून लागू करने की मांग भी की जा रही है।

किसान संघ इस यात्रा के माध्यम से किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना चाहता है। यात्रा के दौरान अलग-अलग जगहों पर किसानों की मांगों को लेकर आवाज उठाई जाएगी और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

इस दौरान सुदेश टीकम, छत्तीसगढ़ किसान संगठन संयोजक, विजय ठाकुर, किसान कल्याण संरक्षक, ठाकुर राम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष चारामा, अफजल खान, अर्जुन देवांगन, टोकन सिन्हा, चंदन रजक, सुल्तान खान सहित बड़ी संख्या में किसान और उनके समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *