Saturday, October 31, 2026
Latest:
कांकेर

चक्रवाती तूफान अर्नब से धान की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा और फसल बीमा की राशि जल्द देने की मांग, चारामा किसान कल्याण समिति ने उठाई किसानों की समस्याए

Spread the love

कांकेर 30 अक्टूबर 2026:चारामा क्षेत्र के किसानों ने धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल करने, एग्रीटेक पंजीयन की अनिवार्यता समाप्त करने और चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। इन मांगों को लेकर क्षेत्रीय किसान कल्याण समिति की ओर से स्थानीय एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने छत्तीसगढ़ शासन से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में धान की खरीदी के दौरान किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाए। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार हर साल धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी करती है, लेकिन राज्य में किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। ऐसे में किसानों को बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलना चाहिए।

एग्रीटेक की अनिवार्यता खत्म करने की मांग

किसानों ने इस साल धान खरीदी के लिए एग्रीटेक पंजीयन को लेकर भी परेशानी बताई। ज्ञापन में कहा गया है कि पंजीकृत किसानों के साथ उनके हिस्सेदारों का भी एग्रीटेक पंजीयन अनिवार्य किया जा रहा है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने इस अनिवार्यता को खत्म करने और सभी पात्र किसानों से धान खरीदी करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि यह नियम जारी रहा तो कई किसान धान बेचने से वंचित हो सकते हैं।

तूफान से खराब हुई फसल का मिले मुआवजा

चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि खराब मौसम और बारिश के चलते उनकी फसल प्रभावित हुई है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समिति ने प्रशासन से प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और किसानों को फसल बीमा की सहायता राशि जल्द देने की मांग की है। साथ ही बीमा कंपनी को आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की गई है, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके।

किसानों के हित में प्रशासन करे पहल : ठाकुर राम कश्यप

जनपद उपाध्यक्ष चारामा ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि चारामा ब्लॉक में किसान कल्याण समिति की ओर से जनदर्शन के माध्यम से किसानों की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने की अच्छी पहल की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं मिल पा रही है, इसलिए बीमा राशि जल्द देने की मांग की गई है। एग्रीटेक पंजीयन के कारण किसानों को परेशानी हो रही है, जिसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। वर्तमान में अतिवृष्टि के कारण किसान परेशान हैं। प्रशासन प्रभावित फसलों की रिपोर्ट तैयार कराकर किसानों को मुआवजा और फसल बीमा की राशि दिलाए। उन्होंने शासन और प्रशासन से किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

त्योहार से पहले किसानों को मिले बीमा राशि : विजय ठाकुर

किसान कल्याण समिति के संरक्षक विजय ठाकुर ने कहा कि चारामा विकासखंड के किसानों की ओर से प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा है, इसलिए प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस साल 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की घोषणा की गई है। किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान मिलना चाहिए। उन्होंने एग्रीटेक पंजीयन की अनिवार्यता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों और उनके हिस्सेदारों को अलग-अलग पंजीयन कराने में काफी परेशानी हो रही है। शासन से मांग है कि किसानों को त्योहार से पहले फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराई जाए।

किसानों को राहत मिलने का इंतजार

किसान कल्याण समिति ने प्रशासन के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन तक अपनी मांग पहुंचाई है। अब किसानों को इंतजार है कि उनकी समस्याओं पर कब तक कार्रवाई होती है और फसल नुकसान के बदले उन्हें बीमा राशि व मुआवजा कब तक मिल पाता है।

इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष चारामा ठाकुर राम कश्यप, किसान कल्याण समिति के संरक्षक विजय ठाकुर, सत्तार खान,,आनंद सिंह ठाकुर, एकांत दुबे, रामप्रसाद सिन्हा, पंचम मरकाम, विजय तिवारी, बाबूलाल साहू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *