चारामा, 16 दिसंबर 2025। अन्नू अनीश कंप्यूटर इंस्टीट्यूट, चारामा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 एवं 16 दिसंबर 2025 को दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, ऑक्टोपस रेस, कंगारू रेस, स्टीक बैलेंस, बलून रेस, आलू दौड़, कुर्सी दौड़, रिले रेस, हंडी फोड़, छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी जैसे रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक खेल आयोजित किए गए। बालक वर्ग की 100 एवं 200 मीटर दौड़ में अनुज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वहीं कपिल कुमार द्वितीय तथा लकेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। ऑक्टोपस रेस, कंगारू रेस, स्टीक बैलेंस और बलून रेस में भी बालक वर्ग के प्रतिभागियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ओजस्वी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में टिकेश्वरी ने बाजी मारी। विभिन्न खेलों में प्रीति जैन, दिव्या, गामिनी, खिलेश्वरी, टिकेश्वरी, वंदना साहू सहित अन्य छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी। रिले रेस, आलू दौड़ और हंडी फोड़ जैसी प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ग्रुप (D) हावर्ड आइकेन ने प्रथम तथा ग्रुप (C) हरमन होलेरिथ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस सफल आयोजन में संस्था प्रमुख अनुराग सोनवानी के मार्गदर्शन में शिक्षक जगन्नाथ मौहान, देवेंद्र मांडवी, शिक्षिका कु. चांदनी देवांगन एवं सुभाष सोनकर (भूतपूर्व पार्षद, नगर पंचायत चारामा) का विशेष सहयोग रहा। सभी के संयुक्त प्रयास से यह दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

अन्नू अनीश कंप्यूटर इंस्टीट्यूट चारामा में दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, विद्यार्थियों ने दिखाया खेल प्रतिभा का दम
Was this article helpful?
YesNo
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।