
कांकेर, 22 सितम्बर 2025।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत आज कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय कांकेर को आधुनिकीकृत एम्बुलेंस की सौगात मिली। एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) टेक्नोलॉजी से लैस इस एम्बुलेंस का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती साय ने जिले को आधुनिक एम्बुलेंस सुविधा मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को गति देने के साथ अनेक लोगों की जान बचाने में सहायक होगी। उन्होंने बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए इस एम्बुलेंस को “मील का पत्थर” बताया। साथ ही उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं का कारण नशा और लापरवाही है, जिसे जिम्मेदारी के भाव से रोका जा सकता है।
विधायक आशाराम नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आदिवासियों के सच्चे हितैषी हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नरहरपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 75 करोड़ से अधिक की सौगात दी थी। उन्होंने जिला अस्पताल को एएलएस एम्बुलेंस उपलब्ध कराए जाने को जिले के लिए गौरव की बात बताया।
जिला कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी दी कि ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, डीएमएफ मद से लगभग 44 लाख रुपये की लागत से यह आधुनिक एम्बुलेंस जिला अस्पताल को प्रदाय की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरतलाल मटियारा, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कुमार कौशिक, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, नागरिक महेश जैन, एसडीएम अरुण वर्मा, सीएमएचओ डॉ. आर.सी. ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक एवं चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।
