कांकेर 06 दिसंबर 2025:- कांकेर वनमण्डल के नरहरपुर परिक्षेत्र अंतर्गत देवी नवागांव परिसर ग्राम करियापहार में चार दिसंबर को एक गंभीर वन्यजीव अपराध का मामला सामने आया है, यहां एक नर तेंदुए का शव ग्राम के कुंए में मिला, हैरानी की बात ये है कि तेंदुए के चारों पंजे गायब थे। वन विभाग ने इस पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताते चले कि ग्राम कारियापहर के कृषक शिवराम नेताम और रामचंद नेताम के खेत में स्थित कुएँ में एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वनमण्डलाधिकारी कांकेर की उपस्थिति में तेंदुए के शव को कुएँ से बाहर निकाला गया। निरीक्षण के दौरान तेंदुए के चारों पैर पंजे नहीं थे, जांच में पाया कि तस्करी के लिए किसी धार दार हथियार से काटा गया। जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
तेंदुआ का पोस्टमार्टम तीन चिकित्सक दल द्वारा किया गया तथा वन्य प्रोटोकॉल के अनुसार शव का दहन कराया गया। घटना की जांच हेतु अज्ञात आरोपी के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत प्रकरण दर्ज कर विभाग कार्यवाही में जुट गई। घटना की गंम्भीरता को देखते हुए रायपुर से राज्य स्तरीय उडनदस्ता दल की डॉग स्क्वाड टीम भी जांच में जुट गई। और आरोपियों की तलाश तेज की गई।
जांच के दौरान 6 दिसंबर को ग्राम करियापहार के ही चार लोगों को गिरफ्तार किया गया जिसमें शत्रुघन पिता नारायण,श्रवण पिता महेंद्र, छबिलाल पिता बुधारू और बुधारू पिता अमरसिंह इन लोगों के घर से तेंदुए के काटे हुए पैर नाखून सहित बरामद किए गए। मौके पर ही जब्ती एवं पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों द्वारा पंजा काटने में प्रयुक्त सामग्री कुल्हाड़ी, लकड़ी, कटारी, रस्सा आदि भी जब्त की गई। वन विभाग द्वारा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। जांच में ग्राम प्रमुखों का सहयोग सराहनीय रहा। वन विभाग ने इसे गंभीर वन्यजीव अपराध मानते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

CG – कुएं के अन्दर इस हाल में मिला तेंदूए का शव,चारों पंजे गायब..4 आरोपी अरेस्ट, कुल्हाड़ी.. कटारी और रस्सा भी बरामद…
Was this article helpful?
YesNo
BastarExpress.Com बस्तर की छोटी बड़ी खबरों के लिए हमें फ़ॉलो करें।