कांकेर

गौशाला भेजने के नाम पर 40 मवेशियों की तस्करी, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 25.10 लाख की संपत्ति जब्त

Spread the love

कांकेर 27अक्टूबर 2026:— नरहरपुर पुलिस ने 40 गौवंशों की चोरी और तस्करी के मामले में तीन फरार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई क्रेटा कार, दो पिकअप वाहन और मवेशियों की बिक्री से मिली 10 हजार रुपये की रकम जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 25 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

पुलिस के अनुसार, नरहरपुर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी रविकांत ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर 2026 की रात से क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय और बछड़े लापता हैं। पूछताछ में पता चला कि हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी ने आवारा और लावारिस मवेशियों को गौशाला भेजने के नाम पर ग्रामीणों से संपर्क किया था। इसके बाद नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से करीब 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया।

ग्रामीणों ने जब पंडरीपानी, सिहावा स्थित गौशाला में जानकारी ली, तो वहां नरहरपुर से कोई भी मवेशी नहीं पहुंचने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पहले 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद फरार आरोपियों हेमंत यादव निवासी धमतरी और प्रियेश साहू निवासी खरतूली की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने दोनों को धमतरी से पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी के साथ मिलकर चोरी किए गए मवेशियों को ओडिशा के पापड़ाहांडी में 45 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरी जगह से मवेशी लाकर उन्हें नरहरपुर से लाया गया बताने की कोशिश भी की थी।

पुलिस ने बताया कि मवेशियों को वाहनों में ठूंस-ठूंसकर ले जाने और कत्लखाने तक पहुंचाने के मामले में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी हरिश कुमार पाटिल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने लोगों से गौवंश चोरी, अवैध परिवहन या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *